
कोलकाता, 07 मार्च। अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मिथुन चक्रवर्ती ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में लोगों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
परिवर्तन यात्रा के संदर्भ में कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भाजपा के राज्य कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि राज्य की मुखिया द्वारा महिलाओं को रात के बाद बाहर न निकलने की सलाह देना एक सुरक्षित समाज के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब कोलकाता में लोग देर रात तक बिना किसी भय के आवाजाही करते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने राज्य में बढ़ती हिंसा, बमबाजी और राजनीतिक झड़पों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घटनाएं अब लगभग रोजमर्रा की बात बनती जा रही हैं।
सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा का बड़ा हिस्सा अभी भी असुरक्षित और बिना बाड़ के है। उनके अनुसार सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा कई बार आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन राज्य सरकार की ओर से पर्याप्त पहल नहीं की गई।
मिथुन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि राज्य में चुनावों के दौरान भय और आतंक का माहौल बनाया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में बम विस्फोट और राजनीतिक कार्यक्रमों पर हमलों की घटनाएं इस चिंता को और बढ़ाती हैं।
उन्होंने आर्थिक मुद्दों पर भी राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का बकाया अभी तक नहीं मिला है। भाजपा की सरकार बनने पर कर्मचारियों के हितों की रक्षा और सातवें वेतन आयोग को लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
युवाओं और बेरोजगारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केवल भत्ता देने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके बजाय रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा संगठनात्मक रूप से पहले से अधिक मजबूत है और परिवर्तन यात्रा के माध्यम से राज्य में बदलाव की इच्छा स्पष्ट दिखाई दे रही है। आगामी चुनाव में जनता के समर्थन से एक वैकल्पिक सरकार बनने की संभावना जताई।
अंजली गुप्ता —



