
नई दिल्ली, 06 मार्च। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगे। यह मामला विधानसभा परिसर में कथित “फांसी घर” के मुद्दे से जुड़ा हुआ है।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि वह दोपहर 3 बजे विशेषाधिकार समिति के सामने उपस्थित होंगे। उन्होंने इस पूरी कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग कराने की भी मांग की है
इससे पहले केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को पत्र लिखकर सूचित किया था कि वह जारी समन के अनुसार 6 मार्च को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होंगे। समिति ने इस मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल और राखी बिरला को भी समन जारी किया था।
यह विवाद दिल्ली विधानसभा परिसर में कथित “फांसी घर” के अस्तित्व को लेकर सामने आया था, जिस पर पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान किए गए दावों की सत्यता को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसी मामले में स्पष्टीकरण के लिए विशेषाधिकार समिति ने संबंधित नेताओं को तलब किया है।



